Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Grid

GRID_STYLE

Hover Effects

TRUE

Breaking News

latest

पी. एम. का सपना होगा पूरा, डेढ़ साल में प्रत्येक घर के प्रत्येक नल से टपकेगा स्वच्छ जल- महेंद्र सिंह ठाकुर।

गुर दास जोशी। ब्यूरो रामपुर बुशहर। आनी,19 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर घर को नल से स्वच्छ जल का सपना देखा है...

गुर दास जोशी।
ब्यूरो रामपुर बुशहर।
आनी,19 जून।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर घर को नल से स्वच्छ जल का सपना देखा है। वो सपना हम साकार करेंगे। डेढ़ साल में प्रदेश में हर घर में नल से स्वच्छ जल मिलेगा। जल शक्ति, राजस्व, बागवानी और सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र ठाकुर ने निरमंड क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं के शिलान्यास के दौरे के दौरान ये बात कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अगुआई में सरकार ये लक्ष्य जल जीवन मिशन के तहत पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं के लिए एशियन विकास बैंक से 1 हजार करोड़ और ब्रिक्स बैंक से 800 करोड़ की राशि भी स्वीकृत की गई है। प्रदेशवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए धन की कोई कमी नहीं है।
निरमंड के ब्रो में एक शिलान्यास कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश लगातार दो साल से प्रथम स्थान प्राप्त कर रहा है। योजना के तहत प्रदेश को इस साल 1405 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं। इसके लिए उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को भी श्रेय दिया। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि वह पेयजल और सिंचाई योजनाओं पर गंभीरता से कार्य करेंगे, लोग नई योजनाओं की मांग रखें।
मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने निरमंड के ब्रौ में दोपहर बाद रामपुर जल विद्युत परियोजना के कारण प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के लिए पेयजल योजना का शिलान्यास किया जिस पर 3.47 करोड़ की लागत आनी है। इससे 7 पंचायतों की 12 हजार की आबादी को लाभ मिलेगा। इस दौरान आनी के विधायक किशोरी लाल सागर ने क्षेत्र की विभिन्न मांगे और समस्याएं मंत्री महेंद्र ठाकुर के समझ रखी। इस पर गौर करते हुए उन्होंने ब्रौ में विश्राम गृह निर्माण के लिए 1 करोड़ 20 लाख रुपए देने की घोषणा की

उन्होंने ब्रो में सीवरेज योजना को विधायक प्राथमिकता में शामिल करने का आग्रह किया और जल शक्ति विभाग का एसडीओ कार्यालय ब्रो में खोलने को लेकर भी उन्होंने विभाग को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान ब्रो पंचायत की प्रधान शशि कटोच ने मंत्री का स्वागत किया और पंचायत की विभिन्न मांगों को उनके समक्ष रखा। विधायक किशोरी लाल सागर ने मांगो पर गौर करने पर महेंद्र सिंह ठाकुर का आभार जताया।

इसके पश्चात उन्होंने निरमंड में कशौली, अरसु, शरोच, कोट, निशानी, त्वार, और निरमंड क्षेत्र के छूटे हुए क्षेत्रों के लिए 2.24 करोड़ की लागत से पेयजल योजना का शिलान्यास किया। साथ ही खुबू से सतांगीधार के लिए उठाऊ पेयजल योजना 1.86 करोड़ रुपए की लागत की आधारशिला भी रखी। इसके पश्चात उन्होंने बायल में 1.12 करोड़ रुपए की कमांड एरिया डेवेल्पमेंट योजना का भी शिलान्यास किया। उन्होंने अधिकारियों को इस योजना को मॉडल योजना बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत 89 लाख रुपए की योजना का कोयल में और 2.70 करोड़ की आनस मोईन उठाऊ सिंचाई योजना का भी शिलान्यास किया। उन्होंने कोयल में 2.70 करोड़ की सिंचाई योजना को तैयार करने की घोषणा भी की। कुल मिलाकर उन्होंने 12.28 करोड़ की विभिन्न योजनाओं की आधारशिला रखी। 

निरमंड में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने विधायक किशोरी लाल सागर की तारीफ की। उन्होंने कहा कि निरमंड क्षेत्र में सिंचाई और पेयजल योजना के लिए केंद्र सराकर को करीब 150 करोड़ की योजना का प्रस्ताव भेजा है जोकि स्वीकृत होने के पश्चात शुरु की जाएगी। इस दौरान निरमंड नगर पंचायत के प्रतिनिधियों ने मंत्री महेंद्र ठाकुर से मुलाकात कर अपनी समस्याएं उनके समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के कार्यों की गुणवत्ता का ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने एसडीएम निरमंड कार्यालय खोलने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के समक्ष मामले उठाने का आश्वासन भी दिया।

महेंद्र सिंह ठाकुर ने इस दौरान कहा कि बागवानी क्षेत्र में भी आनी उपमंडल में बीते तीन सालों में करीब 15 करोड़ की सबसिडी बागवानों को जारी की गई है। इसमें से 12 करोड़ रुपए की सब्सिडी ओला अवरोधक जाली पर जारी की गई। कोरोना काल में भी बागवानों के हक को नहीं रोका गया।

बायल क्षेत्र की जनता को उन्होंने एसजेवीएनएल द्वारा किए गए वादों को पूरा करने के लिए हाइ पॉवर कमेटी की बैठक में हल करने का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने बायल की महिला मंडलों की मांगे भी पूरी की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अगुआई में प्रदेश सरकार ने कोरोना काल के बावजूद विकास कार्य थमने नहीं दिए। मुख्यमंत्री के नेतृत्व की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि उनके सशक्त नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई गाथा लिखेगा।

विभिन्न स्थानों पर हुए शिलान्यास कार्यक्रम में मंत्री महेंद्र ठाकुर के अलावा विधायक किशोरी लाल, एपीएमसी चेयरमेन अमर ठाकुर, जल शक्ति विभाग मंडी जोन के मुख्य अभियंता धर्मेंद्र गिल, एसडीएम आनी चेत सिंह, एसी डेवेल्पमेंट/बीडीओ निरमंड प्रिया नागटा, भाजपा मंडलाध्यक्ष महेंद्र सिंह ठाकुर, बागवानी उपनिदेशक कुल्लू विद्या प्रकाश बैंस, जल शक्ति विभाग के एसई कुल्लू केआर कुल्लवी, बीडीसी निरमंड के अध्यक्ष दिलीप ठाकुर, जिला परिषद सदस्य देवेंद्र सिंह नेगी, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग आनी राज कुमार कौंडल, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग  राजेश शर्मा, अधिशाषी अभियंता बिजली बोर्ड विजय ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय जन प्रतिनिधी तथा स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

No comments