केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह संविधान गौरव अभियान के लिए शिमला पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं के बड़े समूह को संबोधित किया। ...
केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह संविधान गौरव अभियान के लिए शिमला पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं के बड़े समूह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथ लिया। डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संविधान गौरव अभियान जागरूकता के लिए चला रही है। आने वाली पीढ़ी भी संविधान के मूल्यों के बारे में जाने, इसके लिए अभियान शुरू किया गया है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधा। खास तौर पर वे गांधी परिवार पर हमलावर नजर आए। जितेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सत्ता में रहते हुए जो पाप किए, उसका प्रायश्चित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह का कांग्रेस पर निशाना
केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस लंबे वक्त से दुष्प्रचार करने का काम कर रही है। कांग्रेस की ओर से लोगों के बीच भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपनी सरकार रहते हुए 88 बार अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग किया। उन्होंने कहा कि स्वार्थ साधने के लिए ही देश में इमरजेंसी भी लगाई गई। उन्होंने कहा कि एक बार तो कांग्रेस ने सियासी माहौल देखकर लोकसभा और विधानसभा का कार्यकाल ही पांच साल की जगह छह साल कर दिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए संविधान से खूब खिलवाड़ किया और वोट बैंक को ध्यान में रखते हुए शाहबानो केस में कोर्ट के फैसले को ही पलट डाला।
'मोदी सरकार ने जनहित में किए संशोधन'
डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जितने भी संशोधन किए, वह सभी संशोधन जनहित को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस से सवाल पूछ रही है कि आखिर में सिर्फ तुष्टिकरण की राजनीति क्यों करती है. कांग्रेस ने तीन तलाक खत्म करने, आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य वर्ग को आरक्षण देने और महिलाओं को चुनाव में 33 फीसदी आरक्षण देने जैसे बड़े कदम क्यों नहीं उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से गरीबी हटाओ की बात करती रही, लेकिन जमीन पर कोई भी काम नहीं हुआ।
खुद को ही दिए भारत रत्न
केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को सम्मान दिया। उनसे जुड़े हुए पांच स्थानों पर स्मारक बनाए गए। उन्होंने कहा कि डॉ. बीआर अंबेडकर को तो कांग्रेस ने भारत रत्न तक नहीं दिया। पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने प्रधानमंत्री रहते हुए खुद को ही भारत रत्न दिया। इंदिरा गांधी ने भी खुद प्रधानमंत्री रहते हुए खुद को ही भारत रत्न दिया।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
इसके बाद राजीव गांधी को भी मरणोपरांत भारत रत्न दिया गया। इसी तरह सोनिया गांधी को भी भारत रत्न दिया जाना था, लेकिन साल 2014 में कांग्रेस की सरकार चली गई। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भी भारत रत्न लेने के लिए तैयार बैठे रहे। डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अनुशासित पार्टी है और यहां फैसला रसोई घर में नहीं होते। संगठन सब कुछ सोच समझकर हर तरह के फैसले लेता है। डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी कांग्रेस सरकार से पूछा जाना चाहिए कि सत्ता में आने से पहले उन्होंने 10 गारंटी दी थी, उनका क्या हुआ है।
No comments